द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। लीसा भुगतान नहीं होने से गुस्साए वन लीसा श्रमिक ठेकेदार संगठन ने लीसा गड़ान कार्य नहीं करने का ऐलान किया है। श्रमिकों का कहना है कि उन्हें 2014 से वर्ष 2017 तक हुए लीसा गड़ान के कार्य का भुगतान नहीं हुआ है। कहा कि गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में लीसे के दामों में भारी अंतर है। विभाग के पास भंडारण की ठीक व्यवस्था तक नहीं है।
प्रभागीय वनाधिकारी को भेजे ज्ञापन में लीसा श्रमिकों का कहना है कि 2014 से लेकर 2017 तक लीसा गड़ान का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं किया गया है, जबकि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को ज्ञापन भेजे जा चुके हैं। प्रदेश में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में लीसे के दामों में भारी फर्क रखा गया है, शासन की इस दोहरी नीति का भी वह लोग विरोध करेंगे। विभाग के पास लीसा भंडारण की ठीक व्यवस्था तक नहीं है। कहा कि भुगतान नहीं होने तक 2018 के लीसा गड़ान कार्य का भी विरोध किया जाएगा। ज्ञापन भेजने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष किशोर नयाल, नरेंद्र सिंह, मंजू किरौला, देवेंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, पूरन सिंह, विजय बजेठा, भगत सिंह, प्रेम सिंह, पुष्पा देवी आदि थे।