हल्द्वानी। कमलुवागांजा गोदाम में मिलों की ओर से उठान न होने कारण लगभग 39 हजार कट्टे चावल डंप पड़ गए हैं। चावल नहीं बदलने के कारण पहाड़ों की आपूर्ति बाधित हो रही है। विभाग के आला अधिकारियों ने अभी तक नियमानुसार कोई कार्रवाई नहीं की है। उधर कमलुवागांजा गोदाम पहुंचे चावल के नमूने फेल हो गए हैं।
शनिवार को कमलुवागांजा गोदाम में तीन मिलों का चावल उतरा। दो मिलों का चावल पास हो गया। इसे गोदाम में उतार दिया गया। उधर भारत राइस मिल बाजपुर का चावल जांच में फेल हो गया। इसे वापस भेज दिया गया। कमलुवागांजा में चावल के नमूने फेल होने के तीन माह बीत चुके हैं और नोटिस देने के बाद भी एक माह बीत चुका है, लेकिन अभी तक मिलों की ओर से खराब चावल नहीं बदला है। कुछ को छोड़कर अन्य मिलें चावल नहीं भेज रही हैं। इस कारण गोदाम में लगभग 39 हजार कट्टे चावल के डंप हो गए हैं।