रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीआईसी भुजान में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि जीआईसी जैना के प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह बल ने अनुशासन और लगन के बल पर शिखर छूने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में 11 विकासखंडों की टीमें भाग ले रही हैं। बालिका वर्ग का खिताब चौखुटिया की टीम को मिला।
प्रधानाचार्य कुलवंत सिंह ने कहा कि खेलों के माध्यम से बच्चे कॅरियर संवार सकते हैं, लेकिन अनुशासन और मेहनत को तरजीह देनी होगी। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 11 ब्लॉक और बालिका वर्ग में आठ ब्लॉकों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बालक वर्ग के लीग मुकाबलों में स्याल्दे, सल्ट, चौखुटिया, धौलादेवी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग में चौखुटिया, स्याल्दे, धौलादेवी औरताड़ीखेत विकासखंड ने अपने अपने लीग मुकाबले जीते। बाद में बालिका वर्ग के फाइनल में चौखुटिया की टीम ने ताड़ीखेत ब्लॉक की टीम को हराकर खिताब जीत लिया। निर्णायक चंदन मेहरा, राजीव खाती, धर्मेंद्र बोरा, पंकज मेहर रहे। ब्लाक समन्वयक डा. शिवराज सिंह बिष्ट ने प्रतियोगिता के सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग मांगा। इस अवसर पर मनमोहन देव, राजीव खाती, गेंदन लाल, अजय चंद्र, मानस शाह, नंदन सिंह, गीता शर्मा, ममता जोशी, कविता शर्मा, चंदन सिंह, संगीत सिंह, राजेंद्र सिंह नयाल सहित तमाम लोग ने सहयोग किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्य गिरिजाशंकर पांडेय ने की। संचालन मिथिलेश्वर सिंह ने किया।