हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज द्वारा मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्रसंघ के अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए 189 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इसमें सबसे ज्यादा 78 नामांकन पत्र कला संकाय प्रतिनिधि पद के खरीदे गए। इसमें करीब 11 हजार विद्यार्थी मतदान कर सकेंगे।
छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद कॉलेज के काउंटर संख्या दो से सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्राचार्य डॉ. जगदीश प्रसाद, मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. डीसी पंत ने बताया कि अध्यक्ष पद के चार, उपाध्यक्ष के पांच, उपाध्यक्ष (छात्रा) के दो, सचिव पद के तीन, संयुक्त सचिव पद के पांच, कोषाध्यक्ष पद के पांच, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के चार, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के 45, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के 38 नामांकन पत्र बिके। इधर, नामांकन पत्रों की बिक्री बाहरी काउंटर से करने के साथ ही विद्यार्थियों के कॉलेज परिसर में प्रवेश करने पर मंगलवार को पूरी तरह प्रतिबंध रहा। कॉलेज के सभी गेट बंद रहे। हालांकि कई छात्रनेता कॉलेज पहुंचे भी मगर किसी को प्रवेश नहीं दिया गया।