भीमताल (नैनीताल)। नगर पंचायत भीमताल में शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया के नेतृत्व में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष, सभासदों और ईओ द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न प्रस्ताव पास किए गए।
नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में तय हुआ कि भीमताल के मिनी स्टेडियम में बच्चों की सुविधाओं के लिए चेजिंग रूम और शौचालय बनाया जाएगा। साथ ही जीजीआईसी में शौचालय बनाने, नगर में स्टेट और गांवों में सोलर लाइट लगाने का भी प्रस्ताव पारित हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया ने बताया कि शहर में मौजूद सरकारी भूमि का आकलन कर उस पर पार्किंग, सैलानियों के लिए पार्क और नगर पंचायत की आय को बढ़ाने स्रोत देखे जाएंगे। साथ ही घर-घर सफाई वाहन भेज कूड़ा उठाया जाएगा।
सभासदों ने रखी मांग
बैठक में सभासद रामपाल गंगोला, सुनीता पांडे, नीरज रैकुनी, भानु लोशाली, दीपक आर्या, आशा उप्रेती, सीमा टम्टा, भुवन पडियार, ललित मेहरा ने अपने-अपने वार्डों में सोलर लाइट, साफ-सफाई, सड़क, पानी की समस्याओं को हल करने की मांग प्राथमिकता से रखी। उधर, नगर पंचायत सफाई कर्मियों के सरपंच कुमुश और सफाई नायक सुधीर ने सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाने की मांग की। अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चनौतिया और ईओ ईश्वर सिंह रावत ने कहा कि सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाया जाएगा।