रानीखेत/द्वाराहाट(अल्मोड़ा)। नवरात्र के अवसर पर क्षेत्र में दुर्गा पूजा महोत्सव शुरू हो गया है। रानीखेत क्षेत्र में गांधी चौक, बैंक बिल्डिंग, चौबटिया सहित तमाम स्थानों पर सुबह पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। दिनभर महिलाओं ने पंडालों में भजन कीर्तन किए।
गांधी चौक स्थित पंडाल पर मां दुर्गा को कुमाऊंनी परिधानों से सजाया गया है। बैंक बिल्डिंग और चौबटिया स्थित पंडालों पर भी सुबह से ही मां के दर्शन करने वालों का तांता लगा रहा। चौबटिया में कलश यात्रा के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। उधर, चिलियानौला स्थित हैड़ाखान मंदिर में विश्व शांति के लिए जगदंबा महायज्ञ शुरू हो गया है।
सुबह बाबा के भक्त चरण पादुकाओं को सिर पर रखकर यज्ञ स्थल तक पहुंचे। यहां ट्रस्ट के अध्यक्ष आलोक बनर्जी के नेतृत्व में यज्ञ शुरू हुआ। इस कार्यक्रम में देसी-विदेशी भक्त उमड़ पड़े। कार्यक्रम में संजीव सरना, विजय गुप्ता, उदय चटर्जी आदि सहयोग कर रहे हैं। द्वाराहाट में भी विभिन्न मंदिरों में भीड़ भाड़ रही। शीतलापुष्कर मैदान में पं. संजय जोशी ने दुर्गा की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की इसके बाद तमाम अनुष्ठान संपन्न कराए गए। मुख्य यजमान अनिल चौधरी, गिरीश भट्ट, डॉ. तारा लाल शाह, कमल शाह आदि थे।