हल्द्वानी। आयुक्त राजीव रौतेला ने कहा कि वित्त आयोग की सिफारिशों और रिपोर्ट के आधार पर मिलने वाली राशि राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, लिहाजा प्रत्येक अधिकारी 15वें वित्त आयोग की टीम के भ्रमण को गंभीरता से लें।
कैंप कार्यालय में आयुक्त ने कहा कि वित्त आयोग की टीम 17 अक्तूबर को जिले के भ्रमण पर आ रही है। आयोग के समक्ष सभी स्थितियां साफ हों ताकि राज्य को 15वें वित्त के माध्यम से विकास के लिए अधिक से अधिक राशि प्राप्त हो सके। आयुक्त ने कहा कि पर्यटन, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों के साथ भी आयोग की वार्ता कराई जाएं। उन्होंने आयोग की कांफ्रेंस कराने और निरीक्षण की वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में एमडी केएमवीएन डीएस गर्ब्याल, सीडीओ विनीत कुमार, एडीएम हरबीर सिंह, परियोजना निदेशक बालकृष्ण, डीडीओ रमा गोस्वामी, लोनिवि के सीई डीएस नबियाल, ईई चंदन सिंह नेगी, अपर निदेशक पशुपालन डा. पीसी कांडपाल, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, डॉ. पीसी भंडारी आदि थे।