भीमताल (नैनीताल)। ओखलकांडा के पैटना इंटर कॉलेज में तीन साल से अंग्रेजी शिक्षक नहीं होने से बच्चों के भविष्य के लिए चिंतित अभिभावकों ने उप शिक्षाधिकारी हीरालाल आर्य को ज्ञापन सौंपा।
जिला पंचायत सदस्य मल्ला ओखलकांडा विरराम आर्य के नेतृत्व में अभिभावकों ने कहा कि कॉलेज में अंग्रेजी शिक्षक नहीं होने से छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में है। कहा कि 292 बच्चों की संख्या वाले स्कूल में 10 शिक्षक हैं, जबकि चतुर्थ श्रेणी कर्मी का पद खाली है। उप शिक्षाधिकारी ने कहा कि अंग्रेजी के शिक्षक की तैनाती जल्द कर दी जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह, लीला देवी, माया देवी, चंद्र प्रकाश, महा सिंह, रमेश सिंह, बालवीर सिंह आदि रहे।
इधर, धानाचूली राजकीय इंटर कॉलेज में एनसीसी शिक्षक और व्यायाम शिक्षक की नियुक्ति के लिए भी अभिभावकों ने ज्ञापन सौंपा। पीटीए अध्यक्ष गंगा सिंह बिष्ट ने कहा कि एनसीसी शिक्षक नहीं होने से प्रधानाचार्य एनसीसी बंद करने की बात कह रहे हैं। उप शिक्षाधिकारी ने जल्द व्यायाम का शिक्षक नियुक्त करने की बात कही। इस दौरान युवक समिति अध्यक्ष लाल सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रेमा देवी, राजेंद्र प्रसाद मौजूद रहे।