मंडुवाडीह से शुरू होने वाली नई मेमू ट्रेन
- फोटो : अमर उजाला
हल्द्वानी। अब शताब्दी एक्सप्रेस के स्टाफ टीटीई, ट्रेन कैप्टन के लिए रेलवे स्टेशन पर खास इंतजाम होगा। पहली बार रेलवे स्टेशन पर आरामदायक सुविधाओं युक्त टीटीई रेस्ट रूम बनाया गया है। बता दें कि अभी तक यह स्टाफ कभी ट्रेन, रिटायरिंग रूम में समय बिताता था।
शताब्दी एक्सप्रेस में छह-सात टीटीई और एक ट्रेन कैप्टन होता है। यह ट्रेन सुबह 11.40 पर नई दिल्ली से काठगोदाम पहुंचती है। दोपहर में 3.35 ट्रेन नई दिल्ली के वापस रवाना होती है। रनिंग स्टाफ गार्ड, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट तो रनिंग रूम में चले जाते हैं लेकिन स्टाफ टीटीई, कैप्टन के लिए कोई सुविधा नहीं होती है। ऐसे में इन्हें चार घंटे का समय काटना मुश्किल होता था। कभी ट्रेन, रिटायरिंग रूम, प्लेटफार्म, वेटिंग रूम में समय काटते थे। इससे आराम भी नहीं मिल पाता था। स्टाफ ने इसको लेकर रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष अश्विनी लोहनी से एक रूम की मांग की थी। लोहनी ने डीआरएम डीके सिंह को निर्देश दिए। इसी क्रम में प्लेटफार्म नंबर एक में टीटीई रेस्ट रूम बनाया गया है। इस रूम में बेड, शौचालय, पंखा, पानी का इंतजाम है ताकि शताब्दी का स्टाफ चार घंटे सुकून से बिता सके। इस रूम की सुविधा गरीब रथ एक्सप्रेस के स्टाफ टीटीई, ट्रेन कैप्टन को भी मिलेगी।
शताब्दी और गरीब रथ एक्सप्रेस के स्टाफ टीटीई, कैप्टन के लिए प्लेटफार्म नंबर एक पर टीटीई रेस्ट रूम बनाया है। इस रूम में आराम करने की सुविधाएं हैं लंबे समय से उनकी मांग थी।
-चयन रॉय, स्टेशन अधीक्षक, काठगोदाम रेलवे स्टेशन