हल्द्वानी। कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे सातवें दल के यात्रियों का कुमाऊं मंडल विकास निगम के काठगोदाम स्थित पर्यटक आवास गृह में स्वागत किया गया। यात्री दल में 14 महिलाओं समेत 57 यात्री शामिल हैं। काठगोदाम टीआरसी में दोपहर भोजन के बाद यात्री रात्रि विश्राम के लिए अल्मोड़ा चले गए।
सातवें कैलाश मानसरोवर यात्री दल को केएमवीएन के महाप्रबंधक त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने बताया कि यात्रा पड़ावों पर यात्रियों के लिए हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। पिथौरागढ़ से गुंजी तक सीधे हेलीकॉप्टर से यात्रियों को गुंजी भेजने की व्यवस्था की गई है। सातवें यात्री दल में कर्नाटक के चंदर वेंकटेश नंदी, राजस्थान के मनमोहन व्यास (69 वर्ष) सबसे अधिक उम्र के यात्री हैं जबकि राजस्थान के मनीष सैनी (22 वर्ष) सबसे कम उम्र के यात्री हैं। दल के जनसंपर्क अधिकारी दिल्ली के राजीव कुमार, विनोद कुमार अग्रवाल हैं। दल में गुजरात के 12, राजस्थान के 10, उत्तरप्रदेश के आठ, महाराष्ट्र के सात, दिल्ली के चार, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के तीन-तीन, झारखंड, तेलंगाना के दो-दो, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु के एक-एक यात्री शामिल हैं। सातवें यात्री दल के गाइड चरणजीत सिंह हैं। काठगोदाम टीआरसी में प्रबंधक रमेश चंद्र पांडे, सहायक प्रबंधक दीपक पांडे आदि ने यात्रियों का स्वागत किया।