हल्द्वानी। एक चोर ने घर में घुसकर महंगी शराब गटक तो ली मगर उसका नशा तीन दिन में ही उस समय दूर हो गया जब वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशानदेही पर भोटिया पड़ाव चौकी पुलिस ने नगदी और दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
अंबिका विहार कालोनी निवासी अनिल सिंह ने भोटिया पड़ाव चौकी में तहरीर सौंप कर बताया था कि चार मार्च को घर में घुस कर चोर ने मेज की दराज से पांच हजार नगद, 17-17 हजार कीमत वाली महंगी शराब की दो बोतलें, जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नैनीताल रोड से किरण सिंह पुत्र खड़क सिंह निवासी बेलजोली लॉज पॉलीशीट को दबोचा है। किरण के पास से पांच हजार नगद और थोड़ी सी शराब भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक किरण नशे का आदी है। चौकी पुलिस ने चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि किरण पूरी एक बोतल शराब पी गया था दूसरी बोतल में थोड़ी सी शराब बची थी।