हल्द्वानी । नगर निगम के गंदे शौचालय, सड़कों की खराब हालत और स्ट्रीट लाइटों को लेकर व्यापारियों ने नगर आयुक्त का घेराव किया। उन्होंने तीन दिन का समय देते हुए स्थिति नहीं सुधरने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल व महामंत्री वीरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
उन्होंने नगर आयुक्त का घेराव करते हुए कहा कि नगर के शौचालयों की हालत खराब व जर्जर है। बदबू के कारण उसके पास से गुजरना संभव नहीं है। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में जगह जगह कूड़े का ढेर लगे हैं जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि नगर में आवारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं। इससे आम जनता को खतरा बना हुआ है। नगर की स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई है। कहा कि वेडिंग जोन का काम सिर्फ फाइलों में घूम रहा है।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि यदि समस्याओं की अनदेखी की गई तो व्यापार मंडल नगर निगम के खिलाफ धरना व प्रदर्शन को बाध्य होगा। इस दौरान संरक्षक सुभाष मोंगा, प्रकाश हर्बोला, गुरुचरण सिंह, राकेश टीटू, मदन मोहन जोशी, जारियाब सिद्दकी, प्रमोद गोल्डी, प्रदीप सबरवाल आदि मौजूद रहे।