हल्द्वानी। ट्रैफिक आई एप पर आम लोग फोटो के साथ काफी संख्या में पुलिस को शिकायत भेज रहे हैं। तीन माह में पुलिस को 1800 शिकायतें मिल चुकी हैं। पुलिस जांच कर शिकायतों के आधार पर वाहन स्वामी को मैसेज भेज चुकी है।
एसपी यातायात राजीव मोहन ने बताया कि तीन माह पहले ट्रैफिक आई एप आमजन के लिए शुरू किया गया था। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को मैसेज पुलिस फोटो और स्थान का नाम एप के माध्यम से भेजती है। फोटो यदि सही पाया जाता है तो पुलिस संबंधित वाहन स्वामी को नियम तोड़ने के मामले में मैसेज भेजती है।
इसी आधार पर चालान और जुर्माने की कार्रवाई होती है। बताया कि पुलिस के पास अभी तक 1800 लोगों की शिकायतें आईं हैं। इनमें अधिकतर नो पार्किंग की शिकायतें हैं। मैसेज भेजने के बाद 500 लोग अपना जुर्माना भर चुके हैं।