हल्द्वानी/रुद्रपुर। राज्य कर विभाग ने ई वे बिल से खरीद और बिक्री कर रही लेकिन जीएसटी रिटर्न और टैक्स जमा नहीं करने वाली 39 फर्मों पर छापामारी की। इन फर्मों का टर्नओवर 417 करोड़ से ज्यादा है। विभाग अब टर्नओवर पर जीएसटी वसूलने में जुट गया है। इन्हें जीएसटी जमा करने की मोहलत दी गई है। फिर भी जीएसटी जमा नहीं करने वाली फर्मों का पंजीयन निरस्त और आरसी काटी जाएगी। इधर, छापामारी के बाद पांच कारोबारियों ने 2.93 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं।
जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद भी ऊधमसिंह नगर और नैनीताल की कई फर्में ऐसी थीं जो 3बी रिटर्न और टैक्स जमा नहीं कर रहीं थीं। फिर भी ये फर्में ई-वे बिल से खरीद और बिक्री कर रही थीं। इस पर राज्य कर विभाग सख्त हो गया। इन फर्मों की ई वे बिल से खरीद और बिक्री की गोपनीय जांच की गई। जांच में करोड़ों रुपये के खरीद बिक्री सामने आई। इधर अपर आयुक्त रुद्रपुर जोन अनिल सिंह और अपर आयुक्त काशीपुर जोन बीएस नगन्याल के निर्देशानुसार संयुक्त आयुक्त पीएस डुंगरियाल के नेतृत्व में 63 अफसरों की 19 टीमों ने एक साथ रुद्रपुर, किच्छा, खटीमा, सितारगंज, दिनेशपुर, जसपुर, काशीपुर, रामनगर, हल्द्वानी में 39 कारोबारियों के यहां छापामारी की। रुद्रपुर जोन से 400 करोड़ और काशीपुर जोन से 17 करोड़ के टर्नओवर पर टैक्स जमा नहीं किया गया था। इन पर लगभग 50 करोड़ के टैक्स चोरी होने की आशंका है। हालांकि अभी टैक्स की गणना की जा रही है। राज्य कर विभाग की एकाएक छापामारी से कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पांच कारोबारियों ने तुरंत ही 2.93 करोड़ का टैक्स जमा करा दिया है।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर की 39 फर्मों पर राज्य कर का छापा
इन फर्मों का जीएसटी चोरी का है 417 करोड़ का टर्नओवर
50 करोड़ से ज्यादा का टैक्स चोरी की है आशंका हालांकि अभी हो रही है गणना
यहां हुई छापामारी
स्थान प्रतिष्ठानों की संख्या
जसपुर 7
काशीपुर 8
हल्द्वानी 3
रामनगर 2
रुद्रपुर 11
खटीमा 2
सितारगंज 2
दिनेशपुर 1
किच्छा 3
ये अफसर रहे टीम में शामिल
डिप्टी कमिश्नर अरविंद प्रताप सिंह, आरएल वर्मा, सुमन जंगपांगी, शशिकांत आर्य, एनएस वोरा, रणवीर शिवेंद्र सिंह, निशिकांत सिंह, तारकेश्वर मिश्रा, रजनीश यश अवस्थी, असिस्टेंट कमिश्नर भुवन चंद्र पांडे, आशीष ठाकुर, केके पांडे, हेमलता शुक्ला, अजय बिरथर, एसएस यादव, विनय प्रकाश ओझा, डॉ. प्रियंका आर्या, शुचि तिवारी, अंजु जोशी, ज्ञान चंद्र, गौरव पंत, अनिल सिन्हा आदि थे।