हल्द्वानी। अब परिवहन विभाग से जुड़े सभी कामों के लिए संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आरटीओ कार्यालय में वाहनों से जुड़े सभी कामों का ऑनलाइन करने का ट्रायल सफल रहा है। परिवहन अधिकारियों के अनुसार अगर कोई बड़ी तकनीकी दिक्कत नहीं आई तो तीन दिन के अंदर सभी कार्य ऑनलाइन शुरू हो जाएंगे।
आरटीओ कार्यालय में काम कराने आने वाले लोगों को शिकायत रहती है कि कर्मचारी उन्हें अनावश्यक रूप से दौड़ाते हैं। एजेंस के जरिए काम आसानी हो जाता है। इसे देखते हुए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने विभाग से जुडे़ सभी कामों को ऑनलाइन कराने की व्यवस्था लागू कराने की व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसी के तहत बृहस्पतिवार को आरटीओ कार्यालय, हल्द्वानी में ट्रायल किया गया था, जो कि सफल रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी(प्रशासन) संदीप वर्मा ने बताया कि अब वाहनों के टैक्स, फिटनेस, लाइसेंस की नकल से लेकर सभी काम बिना आरटीओ कार्यालय आए भी कराये जा सकेंगे। ट्रायल सफल रहा है, दो-तीन दिन में सभी काम ऑनलाइन शुरू हो जाएंगे।
दिल्ली रूट में दो अतिरिक्त बस भेजी
दिल्ली रूट में सवारियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज प्रबंधन ने दो अतिरिक्त बस भेजी। रोडवेज बस अड्डा इंचार्ज रवि कापड़ी ने बताया कि दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या दिन में बढ़ गई थी। इसे देखते हुए दो बसें अतिरिक्त भेजी गईं।