हल्द्वानी। फरवरी से शुरू हुई पेयजल समस्या थमने का नाम नहीं है। बरसात के सीजन में भी लोगों को पेयजल की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। दमुवाढूंगा और गौलापार के ग्रामीणों ने जलसंस्थान दफ्तर में प्रदर्शन किया।
गौलापार के ग्रामीणों का कहना था कि पेयजल बिलों की वसूली जलसंस्थान कर रहा है जबकि ट्यूबवेल नलकूप खंड का होने से नलकूप खंड पेयजल के लिए पानी नहीं छोड़ रहा है। इस कारण ग्राम पंचायत सीतापुर मेें पेयजल का गंभीर संकट बना है। उन्होंने कहा कि नलकूप खंड जलसंस्थान और जलसंस्थान नलकूप खंड के चक्कर लगवा रहा है। उन्होंने नलकूप का संचालन जलसंस्थान के द्वारा किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पंचायत सदस्य प्रकाश गरजौला, बीडीसी सदस्य जगदीश नौला, दुर्गा सिंह, पान देव, बसंत सिंह, पूरन सिंह, किशन सिंह, मदन सिंह, बालम सिंह, नर सिंह, ललेंद्र सिंह, नंदन सिंह, लक्ष्मण सिंह, जय सिंह, देव सिंह सम्मल, प्रताप सिंह रावत, चंचल सिंह आदि थे।
इधर, दमुवाढूंगा के जमरानी कालोनी के लोगों ने जलसंस्थान दफ्तर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिकारियों के शिकायत की गई है लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष संजय आर्या, राजकुमार यादव, गणेश, हरीश राम, सलीम, कांति प्रसाद, योगेश बिष्ट आदि थे।
नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता से बात कर गौलापार क्षेत्र की समस्या का समाधान कराया जाएगा। दमुवाढूंगा में लाइनों का निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कराई जाएगी। प्रभावितों को टैंकरों से पेयजल वितरित किया जा रहा है।
- संतोष कुमार उपाध्याय, अधिशासी अभियंता जलसंस्थान।
टैंकरों से यहां बंटा पानी
जलसंस्थान के टैंकर प्रभारी अवर अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पेयजल वितरित किया जा रहा है। शुक्रवार को पीपल पोखरा नंबर एक, नंबर दो, इंदिरानगर कठघरिया, खन्ना फार्म डी क्लास, केशवपुरम, संगम विहार, केवीएम स्कूल, वैलेजली लॉज, जयदुर्गा कालोनी कुल्यापुरा में टैंकरों से पेयजल वितरित किया गया।