चोरगलिया (नैनीताल)। चोरगलिया क्षेत्र में सिंचाई की व्यवस्था नंधौर नदी के मछली वन क्षेत्र में बने कच्चे बंधे पर टिकी है लेकिन पिछले सप्ताह नदी में आई बाढ़ में बहा यह बंधा नहीं बन सका है। सिंचाई विभाग ने जेसीबी की मदद से कुछ नहरों में पानी पहुंचाया लेकिन इसका लाभ ऊपरी भाग के करीब 20 प्रतिशत लोगों को ही मिल पा रहा है। बाकी 80 प्रतिशत किसानों की फसलें खेतों में सूखने लगी हैं। इससे चिंतित किसान भैरव बजेठा, प्रकाश बेलवाल, कैलाश थुवाल, लक्ष्मी दत्त बजेठा ने सिंचाई विभाग से कच्चा बंधा बनवाने की मांग की है। बताया कि तीन माह पहले से इसकी तैयारी होनी चाहिए थी। वहीं सिंचाई विभाग के एसडीओ आनंद नेगी का कहना है कि विभाग को बल्लियां नहीं मिल सकी हैं। लालकुआं में वन निगम के कर्मचारी नीलामी में व्यस्त हैं। इस कारण वन निगम की ओर से लकड़ी नहीं मिल पाई है। उन्हें 20 जुलाई को बल्लियां लेने के लिए बुलाया गया है। बल्लियां आने के बाद ही कच्चा बंधा तैयार कर नहरों में पानी छोड़ा जाएगा।