हल्द्वानी। सरकार ने सिर्फ अप्रैल के लिए दुकानों की नीलामी में रियायत दी है। शासन ने ऐसी दुकानें जिनका 50 फीसदी भी राजस्व मिल रहा है आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। जनपद नैनीताल में 26 देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानें हैं, जिनका बेस प्राइस से अधिक का ऑफर नहीं आ रहा था। इधर नए निर्देश के बाद आबकारी विभाग नए सिरे से नीलामी की प्रक्रिया में जुटा है।
आबकारी आंकड़ों के मुताबिक जनपद में कुल 61 देसी, विदेशी शराब की दुकानें हैं। इनमें तीन अंग्रेजी और 23 देसी शराब की दुकानें हैं जिन पर अप्रैल के लिए नीलामी की बेस प्राइस से अधिक की बोली नहीं लग रही है। इसको लेकर आबकारी महकमा परेशान था। कमोबेश यही हालत सूबे के 13 जनपदों में थी। इसके बाद शासन ने संशोधन किया है।
अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह ने आबकारी आयुक्त को निर्देश जारी किए हैं कि ऐसी दुकानें जिनमें बेस प्राइस का 50 फीसदी की बोली का भी राजस्व जुट रहा है उस दुकान को आवंटित कर दिया है। आबकारी आयुक्त वी षणुगम ने सभी जिला आबकारी अधिकारियों को इस बाबत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।