हल्द्वानी। आवास विकास क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीप्लैक्स में तीन मजदूरों की मौत के दोषी ठेकेदार, अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को कांग्रेसजनों ने यहां एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान एसडीएम कार्यालय परिसर में हुई सभा में कांग्रेसी नेता हेमंत साहू ने कहा कि मल्टीप्लेक्स हादसे में मारे गए तीनों मजदूरों की मौत का पांच-पांच लाख रुपये में खुलेआम सौदा किया गया। हादसे के प्रत्यक्षदर्शी गवाहों को भी रुपये देकर उनका मुंह बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह अफसरशाही, ठेकेदारों की इस मिलीभगत ने देवभूमि को कलंकित किया है। वक्ताओं ने कहा कि इतना होने के बाद भी दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर ठेकेदार, मल्टीप्लेक्स स्वामियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी। सभा को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष लाल सिंह पवार, आनंदी शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। एसडीएम एपी वाजपेयी के माध्यम से डीएम को भी ज्ञापन भेजा। प्रदर्शनकारियों में मुन्ना पोखरिया, सुशील साहू, लक्ष्मी नारायण, रवि कश्यप, तलत एहतेशाम, धर्मेंद्र साहू, जमील कुरैशी, मोनिका सती, पुष्पा संभल, गंगा बिष्ट, भारती कोरंगा, ममता गौड़, रिहान हुसैन, जीतू सागर आदि थे।
मौत के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नारेबाजी
आवास विकास मल्टीप्लैक्स में तीन मजदूरों की मौत का मामला