हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संगठन ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग की है। इसके लिए चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। शिक्षक संगठन ने कहा है कि अपनी इस मांग को लेकर एक अप्रैल से 31 मई के मध्य प्रत्येक विकासखंड के शिक्षक एक पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री एवं एक पोस्टकार्ड नेता प्रतिपक्ष लोकसभा को भेजेंगे।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री डिकर सिंह पडियार ने बताया कि इसके लिए जिले के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं एकजुट हैं। उन्होंने छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करते हुए सातवें वेतन आयोग की अनुशंसा को समस्त राज्यों में लागू करने, समान कार्य के लिए समान वेतन के सिद्धांत को सभी कोटि के शिक्षकों के लिए लागू करने की मांग की। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन के क्रम में दो जुलाई से सितंबर के मध्य सभी साथी शिक्षक अपने संसदीय चुनाव क्षेत्र के सांसद का घेराव कर ज्ञापन भेजेंगे। सांसदों से उक्त मांगों को संसद में उठाने का अनुरोध करेंगे। संगठन सभी राजनीतिक दलों के ऊपर दबाव बनाएगा कि वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा के आम चुनाव में इन मांगों को प्रमुखता दी जाए।