डीएसओ समेत कई अधिकारियों को घंटों तक बंधक बनाया
भीमताल (नैनीताल)। राशन कार्ड होने के बावजूद विकासखंड राशन की दुकानों से खाद्यान्न उपलब्ध न होने से गुस्साए विकासखंड के ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों ने मंगलवार को ग्रामीणों के साथ वार्ता को पहुंचे जिला पूर्ति अधिकारी समेत उनके साथ मौजूद अन्य अधिकारियों को घंटों तक बंधक बनाए रखा। बाद में धारी की उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए कमेटी गठित कर मामले की जांच कराने और एक पखवाड़े के भीतर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर बंधक बनाए गए अधिकारियों को बंधन मुक्त कराया।
ओखलकांडा ब्लाक के कई गांवों में लोगों के राशन कार्ड तो बने हुए हैं लेकिन इसके बावजूद ग्रामीणों को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से जरूरी खाद्यान्न नहीं मिल रहा है। इसके अलावा राशन कार्डों में कई गड़बड़ियां भी हैं। उक्त समस्या के समाधान के लिए ग्राम प्रधान मदन सिंह नौलिया के नेतृत्व में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने 19 मई को धारी की उपजिलाधिकारी रेखा कोहली को ज्ञापन दिया था। इस पर एसडीएम ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया। जिस दिन वार्ता होनी थी पंचायत प्रतिनिधि तो धारी तहसील में पहुंचे लेकिन खाद्य आपूर्ति विभाग का कोई भी अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। इससे पंचायत प्रतिनिधियों का पारा सातवें आसमान पर था। बाद में एसडीएम ने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मंगलवार को ओखलकांडा पहुंचकर पंचायत प्रतिनिधियों से वार्ता करने के निर्देश दिए थे।
एसडीएम के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी तेजबल सिंह मंगलवार को ओखलकांडा ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। यहां उनकी पंचायत प्रति
निधियों से वार्ता हुई। वार्ता के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने राशन कार्ड होने के बावजूद खाद्यान्न न मिलने पर रोष जताया और इसमें सुधार की मांग की। बताया जाता है कि जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिस पर पंचायत प्रतिनिधि वार्ता स्थल से उठकर बाहर आ गए और उन्होंने दोपहर में बारह बजे के करीब डीएसओ तेजबल सिंह समेत बीडीओ राजेंद्रे बिष्ट व अन्य अधिकारियों के कमरे में बाहर के ताला डालकर उन्हें बंधक बना लिया। पंचायत प्रति
निधियों की मांग थी कि जब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेगा तब तक वह बंधक बनाए गए अधिकारियों को नहीं छोड़ेगे। सूचना मिलने पर तकरीबन दो घंटे के बाद धारी की उपजिलाधिकारी रेखा कोहली मौके पर पहुंचीं।