भीमताल (नैनीताल)। जिले भर में आलू का उत्पादन करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। जिले के किसानों को शुक्रवार से आलू के बीज पर 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलेगी। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जिला उद्यान विभाग को निदेशालय ने 6 लाख 50 हजार का बजट जारी कर दिया है।
मुख्य उद्यान विभाग अधिकारी भावना जोशी ने बताया कि उद्यान विभाग से मिलने वाला मुनस्यारी का ज्योति कुफारी आलू का बीज 3250 रुपये के बजाय अब 1625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों को मिलेगा। किसान 16.25 रुपये किलो के हिसाब से भी खरीद सकेंगे। डीएचओ ने बताया कि किसानों को शुक्रवार से आलू का बीज उद्यान विभाग के सचल केंद्रों से मिल सकेगा। साथ ही बीज पहाड़पानी, धारी, ओखलकांडा के क्षेत्रों में भी पहुंचा दिया जाएगा।