भीमताल (नैनीताल)। फिल्म शूटिंग और टूरिज्म विषय पर आयोजित इनवेस्टर्स समिट मिनी कन्क्लेव में पहुंचे फिल्म मेकर और प्रोड्यूसरों ने कहा कि समूचा उत्तराखंड एक फिल्म स्टूडियो की तरह है, बस यहां दूरगामी नीति बनाने की जरूरत है। यहां पहुंचे फिल्म मेकर, प्रोड्यूसर और पर्यटन व्यवसायियों ने अमर उजाला से अपने सुझाव साझा किए।
मुंबई में उत्तराखंड का प्रतिनिधि नियुक्त हो
मुंबई से पहुंचे फिल्म निदेशक विवेक अग्निहोत्री ने कहा कि केवल सिंगल विंडो सिस्टम और अधिकारियों के साथ बैठक करने से काम नहीं चलेगा। सरकार मुंबई में अपना एक प्रतिनिधि नियुक्त करे जो समय-समय पर फिल्म मेकरों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए उत्तराखंड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित करे। केवल हिंदी फिल्मों की शूटिंग को ही बढ़ावा न दिया जाए बल्कि दक्षिण भारतीय फिल्मों के साथ अन्य क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों की भी शूटिंग को बढ़ावा दे। सरकार को विदेशी निवेशकों को भी प्रोत्साहित करना होगा। फिल्म फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम भी आयोजित हों।
स्थानीय संस्कृति पर आधारित फिल्में बनें
नेशनल फिल्म डेवलेपमेंट कारपोरेशन भारत सरकार के प्रमुख विक्रमजीत सिंह राय ने कहा कि शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए सरकार आधारभूत सुविधाएं, संसाधन उपलब्ध कराए। स्थानीय संस्कृति पर आधारित फिल्में बनाकर राज्य को नई पहचान दिलायी जा सकती है।
शार्ट फिल्म निर्माताओं को भी मिलें सुविधाएं
रुद्रप्रयाग से पहुंचे युवा शार्ट फिल्म निर्माता कुणाल डोभाल ने कहा कि सरकार फुल लेंथ की फिल्म पर 25 लाख का अनुदान दे रही है लेकिन शार्ट फिल्म निर्माताओं के लिए कोई सुविधा नहीं है। जबकि डीएसएलआर और मोबाइल फोन से भी शार्ट फिल्में बनाई जा सकती हैं। ग्रेटर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन भीमताल के कोषाध्यक्ष महेंद्र वर्मा और कौसानी के सुनारगांव में पिछले कई वर्षों से होम स्टे चला रहे जीवन वर्मा ने भी यहां आने वाले सैलानियों के लिए आधारभूत सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया।
कुछ लोग जानबूझकर सरकार के लिए दिक्कतें पैदा कर रहे
भीमताल (नैनीताल)। जिले में एक के बाद एक उद्योगों के बंद होने और कई लोगों के बेरोजगार होने के सवाल पर सीएम ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसी परिस्थितियां पैदा कर रहे हैं ताकि सरकार को दिक्कतें हों। बंद हो रहे उद्योगों की समस्याएं हल कराई जाएंगी ताकि वह फिर से चालू हो सकें। एससी-एसटी एक्ट के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले में केंद्र सरकार के निर्णयों का पालन करेगी।
गढ़वाल और कुमाऊं में जल्द बनेंगे रोपवे
हल्द्वानी। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि राज्य में रोपवे, टिहरी झील का विकास, ऋषिकेश में इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, हैली टैक्सी एवं सफारी, आधुनिक आयुष एवं योगा सेंटर का विकास, अस्पताल एवं अन्य परियोजनाओं में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। पर्वतीय पर्यटक स्थलों पर यातायात के दबाव को कम करने के लिए देहरादून से मसूरी और कालाढूंगी एवं रानीबाग से नैनीताल के बीच रोपवे की कार्रवाई चल रही है। प्रमुख सचिव मनीषा पंवार ने कहा कि राज्य में पर्यटन एवं फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए ठोस प्रयास हो रहे हैं।
निदेशक उद्योग एवं सिडकुल की प्रबंध निदेशक सौजन्या ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने के लिए लोगों से प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। इस मौके पर विधायक बंशीधर भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, नैनीताल होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश साह, पूर्व मेयर जोगेंद्र सिंह रौतेला, विनोद गुणवंत, महेंद्र वर्मा, जीवन वर्मा, शंकर सिंह, मनोज साह, करन रावत, अंबा दत्त आर्य, आयुक्त राजीव रौतेला, डीएम विनोद कुमार सुमन, एसएसपी जन्मेजय खंडूरी आदि मौजूद थे। संचालन कांफ्रेड्रेशन आफ इंडिया इंडस्ट्री (सीआईई) के राज्य समन्वयक डा. विजय धस्माना ने किया।
सीएम के समक्ष पार्किंग, डिग्री कॉलेज और रोपवे की मांग उठी
भीमताल (नैनीताल)। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर भीमताल और आसपास के क्षेत्रों की समस्याओं को हल कराने की मांग की। मुख्य रूप से भीमताल में पार्किंग, डिग्री कॉलेज और रोपवे बनवाने का मुद्दा सीएम के समझ उठा। नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी और भाजपा नेता प्रदीप पाठक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर केंद्रीय विद्यालय के सामने सड़क किनारे से पीलर व बीम डालकर पार्किंग स्थल बनवाने की मांग की। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे ने भीमताल में डिग्री कॉलेज खोलने, बाइपास का चौड़ीकरण कराने, भीमताल से कर्कोटक तक रोपवे बनवाने और झील के तटबंध की तलहटी में रह रहे सफाई कर्मियों के परिवार को वहां से अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग रखी। भाजपा जिला महामंत्री दिनेश सांगुड़ी और पूरन बृजवासी ने औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़े उद्योगों को शुरू कराने, नौल बिजरौली में पेयजल टैंक बनवाने और डांठ से नौकुचियाताल में सड़कों में पड़े गड्ढों को भरवाने की मांग की। इसके अलावा जंगलियागांव के पूर्व प्रधान प्रेम सिंह कुल्याल ने नौकुचियाताल-जंगलियागांव-बुढाधुरा मार्ग का डामरीकरण कराने की मांग की।
सीएम साहब, बाहरी लोग उठा रहे होम स्टे योजना का लाभ
भीमताल (नैनीताल)। मेहरागांव के होटल में पर्यटन को बढ़ावा देने संबंधी विषय पर हुए संवाद के दौरान पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने न केवल खुलकर अपनी बात सीएम के समक्ष कही बल्कि शिकायतें भी की।
किसने क्या कहा-
सरकार की होम स्टे योजना का लाभ अधिकांश बाहरी व्यक्ति उठा रहे हैं, जबकि स्थानीय बेरोजगारों को होम स्टे शुरू करने के लिए आवेदन तक प्राप्त करने को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। होम स्टे योजना में सरकार स्थानीय बेरोजगारों को प्राथमिकता दे।
-राजेंद्र प्रसाद कपिल, होटल व्यवसायी भीमताल
- मास्टर प्लान के तहत भीमताल और नौकुचियाताल क्षेत्र की 80 फीसदी भूमि कृषि में दर्ज है। कृषि भूमि के अकृषि में दर्ज न होने के कारण लोगों को होम स्टे योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कृषि भूमि अकृषि श्रेणी में कब तक दर्ज होगी।
-गोपाल सिंह बिष्ट, निवासी नौकुचियाताल
- राज्य सरकार फिल्म को उद्योग का दर्जा कब तक देगी। जब ऐसा होगा तभी उत्तराखंड में बेहतर फिल्मों की शूटिंग संभव है।
-सुदर्शन साह, निदेशक अनामिका फिल्म प्रोडेक्शन नैनीताल
- पैराग्लाइडिंग से क्षेत्र में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। सरकार ने केबिनेट में साहसिक खेलों के लिए नियमावली पास कराकर साहसिक खेलों की शुरूआत की अच्छी पहल की है लेकिन यह कब से शुरू होंगे ताकि बेरोजगारों को फिर से रोजगार मिल सके।
-नितिन राणा, सचिव कुमाऊं पैराग्लाडिंग एसोसिएशन
डा. मठपाल से भाजपा को जिताने की अपील कर गए सीएम
भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को खुटानी स्थित पद्मश्री और ख्याति प्राप्त पुरातत्वेत्ता डा. यशोधर मठपाल के गीताधाम स्थित लोक सांस्कृतिक संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने डा. मठपाल द्वारा पूर्वजों की धरोहर और संस्कृति को जीवित रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने डा. मठपाल को संग्रहालय के विकास के लिए किसी तरह का कोई आश्वासन तो नहीं दिया लेकिन जाते जाते डा. मठपाल भाजपा को जिताने की अपील जरूर कर गए।
डेढ़ किमी लंबा जाम लगा
भीमताल (नैनीताल)। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत जब पद्मश्री यशोधर मठपाल से मिलने उनके खुटानी स्थित आवास पहुंचे तो सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस ने भवाली भीमताल रोड में यातायात रोक दिया। जिससे पंद्रह मिनट में ही डेढ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में आम लोगों के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी फंसे रहे। इससे उन्हें खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
छोटे सभागार में बड़े सपने दिखाकर चले गए सीएम
भीमताल (नैनीताल)। उद्योग विभाग की ओर से आयोजित समिट भारी अव्यवस्थाओं के बीच हुई। होटल के जिस सभागार में समिट हुई वहां निवेशकों और उद्यमियों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियों में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय कारोबारी पहले ही विराजमान हो गए। जिसके चलते कई निवेशकों, होटल व्यवसायियों और अधिकारियों को खड़े रहना पड़ा। लोगों का कहना था कि मंचासीन लोग छोटे सभागार में बड़े सपने दिखाकर चले गए।
ज्ञापन देने पर सीएम ने जताई नाराजगी
भीमताल (नैनीताल)। होटल सभागार में जिस वक्त समिट चल रही थी उसी समय भीमताल का एक सामाजिक कार्यकर्ता मंच पर पहुंचकर सीएम को ज्ञापन देने लगा। कार्यक्रम के बीच में एक व्यक्ति के मंच तक पहुंचने और उन्हें ज्ञापन देने पर सीएम ने आयुक्त को इशारों में खासी नाराजगी जताई। आयुक्त ने आनन-फानन में एएसपी हरीश चंद्र सती को बुलाकर किसी भी व्यक्ति को मंच तक न पहुंचने देने के निर्देश दिए।
सात को दून में पीएम करेंगे समिट का शुभारंभ
भीमताल (नैनीताल)। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुताबिक निवेशकों को उत्तराखंड में निवेश के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सात व आठ अक्तूबर को देहरादून में विशाल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होगा। जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। दून में होने वाले समिट में चिकित्सा व रोपवे के क्षेत्र में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं। उन्होंने फिल्म मेकरों, उद्योगपतियों और पर्यटन व्यवसायियों से दून में आयोजित समिट में हिस्सा लेने की भी अपील की।
समूचा उत्तराखंड फिल्म स्टूडियो है पर दूरगामी नीति तो बने
फिल्म मेकर, प्रोड्यूसर और पर्यटन व्यवसायियों ने सुझाए उपाय