द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। तपन बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के जंगल आग से धधकने लगे हैं, लेकिन वन विभाग इससे पूरी तरह से बेखबर है। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद कोई भी वनकर्मी आग बुझाने नहीं आया। चंथरिया के कक्ष संख्या 11, 17, 18 के जंगल दो दिनों से धधक रहे हैं। इससे कई हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है।
फल्द्वाड़ी के ग्राम प्रधान विपिन पंत ने बताया कि उन्होंने अपने वन पंचायत और गांव में आग को रोकने के लिए रात्रि 11 बजे तक आग बुझाई और फायर लाइन काटी। वहां भूमि संरक्षण वन प्रभाग की तरफ से प्लांटेशन भी किया गया है। उसे भी बचाया, लेकिन वन विभाग का कोई कर्मचारी आग बुझाने नहीं पहुंचा। क्षेत्र के कई जंगल आग से धधक रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धुंध छाई है। वनाग्नि सीजन से पहले विभाग आग बुझाने के लिए तमाम तरह के दावे करता है, लेकिन जब जंगलों में आग लगती है तो उसे बुझाने के प्रयास तक नहीं होते। ग्रामीणों का कहना है कि साधनहीन ग्रामीण आग नहीं बुझा पाए हैं। विभागों की संवेदनहीनता के कारण जंगल जल रहे हैं जबकि यह जंगल चंथरिया रेंज मुख्यालय से मात्र तीन किमी की दूरी पर हैं।
कोई वनकर्मी आग बुझाने नहीं पहुंचा
साधनहीन ग्रामीण आग बुझाएं भी तो कैसे