हल्द्वानी। डीएम विनोद कुमार सुमन ने कहा कि स्कूली बच्चों को लाने ले जाने वाले चालक वाहन चलाते वक्त मोबाइल ईयर फोन का उपयोग नहीं करेंगे। यदि कोई पकड़ा गया तो उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
शनिवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने कहा कि वाहन चालक की लापरवाही और ईयर फोन के कारण ही कुशीनगर में बड़ा हादसा हुआ। नशे की हालत में गाड़ी चलाने, वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने और ईयरफोन लगाने, सीट बेल्ट न पहनने वालों के खिलाफ और अधिक सख्ती बरती जाए। बैठक में एडीएम हरवीर सिंह, लोनिवि के अधिशासी अभियंता रणजीत सिंह रावत, पीसी जोशी, सीएस नेगी, मीना भटट, एआरटीओ संदीप वर्मा, असित कुमार झा, विमल पांडे, सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र सिंह चौहान, ईओ मनोज दास, ईश्वर सिंह रावत, गोपाल सिंह बोरा, अग्निशमन अधिकारी कैलाश चंद्र, कृष्ण उपाध्याय, लीलाधर उपाध्याय आदि मौजूद थे।
ये भी निर्देश
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में क्रैश बैरियर, साईनेज, रिफ्लेक्टर, स्टीकर लगाए, सड़कों पर रखी गई भवन सामग्री हटवाएं, अवैध रूप से लगे होर्डिंग हटाएं, वाहनों की गति पर लगाम लगाने के लिए स्कूल, अस्पताल, हाट बाजार आदि स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनवाएं, नशे की स्थिति में वाहन चलाने वालों के लाइसेंस निरस्त करें, दो पहिया वाहनों के पास हेलमेट अनिवार्य हो।