हल्द्वानी। कृषि उत्पादन मंडी समिति शहीद सैनिकों के आश्रितों को हल्द्वानी मंडी परिसर में नि:शुल्क दुकान आवंटित करेगी। शनिवार को मंडी समिति बोर्ड की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया।
मंडी समिति के अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने बोर्ड की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया है कि जो पहली जनवरी 2017 के बाद शहीद हुए हैं उनके आश्रितों को दुकानें आवंटित की जाएगी। दुकानें बनाने के लिए गल्ला मंडी में जमीन का चयन किया गया है। हल्द्वानी मंडी क्षेत्र में आने वाले नैनीताल जिले के अलावा अल्मोड़ा और बागेश्वर के डीएम से पहली जनवरी 2017 के बाद के शहीदों की सूची भेजने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तम आधुनिक खेती करने के लिए किसानों को मंडी समिति की ओर से 50 फीसदी सब्सिडी पर कृषि उपकरण दिए जाने का फैसला भी किया गया है। इसके साथ ही 25 हजार फलदार पौधे वितरित भी किए जाएंगे। ये पौधे हल्द्वानी, भीमताल, बेतालघाट, कोटाबाग और कालाढूंगी क्षेत्र में किसानों को अभियान चलाकर बांटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों का शोषण नहीं होने दिया जाएगा अगर किसी किसान को कोई शिकायत हो तो उनसे सीधे कर सकते हैं। बैठक में मंडी सचिव विश्वविजय देव सिंह, उपाध्यक्ष सलीम अंसारी, सुरेंद्र सिंह बर्गली, डीके पंत, यशपाल आर्य, विनोद दानी, कार्तिक बिष्ट, रोहित भट्ट आदि मौजूद रहे।