द्वाराहाट (अल्मोड़ा) बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने शनिवार को चौथे दिन भी कार्यबहिष्कार कर धरना दिया। समान कार्य के लिए समान वेतन देने आदि मांगों को लेकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने कॉलेज प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। कहा कि इस बार झूठे आश्वासनों में नहीं आएंगे। जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
समान कार्य समान वेतन देने, नियमितीकरण करने, बीओजी द्वारा पारित आदेशों को लागू करने सहित तमाम मांगों को लेकर बीटीकेआईटी के दैनिक वेतन भोगी पिछले चार दिनों से धरने पर हैं। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों को लेकर पूर्व में भी कई बार धरना, प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन मांगों को लेकर उदासीन है। आश्वासनों पर सार्थक कार्रवाई नहीं हो सकी है। कहा कि चार दिनों से धरना, प्रदर्शन करने के बावजूद किसी ने भी आंदोलनकारियों की सुध नहीं ली। मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुई तो तालाबंदी के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
देव सिंह रावत, कुंवर सिंह बजेठा, सामाजिक कार्यकर्ता नारायण रावत, भीम देव, प्रधान अशोक कुमार, मोहन सिंह, दीपक सिंह, सुरेंद्र सिंह आदि ने धरने को समर्थन दिया। जसुली देवी, खजान चंद्र, नरेंद्र कुमार, गोपाल दत्त, नित्यानंद, केसर राम, हंसी देवी, दान सिंह, राजेंद्र सिंह, धन सिंह, पूरन सिंह नेगी, दयाल गिरि आदि धरने पर बैठे।