नैनीताल। राजकीय महाविद्यालय खटीमा में हो रहे निर्माण कार्यों की स्थिति और गुणवत्ता की जांच के लिए उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। विभाग ने 27 जून को इस बाबत पत्र जारी करते हुए चार सदस्यीय टीम गठित की है। इस समिति को निर्माण कार्यों की जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट भेजने को कहा है।
उच्च शिक्षा के प्रभारी सचिव अशोक कुमार के आदेश पर संयुक्त सचिव एमएम सेमवाल ने जांच के निर्देश जारी किए हैं। पत्र में कहा है कि राजकीय महाविद्यालय खटीमा के बहुउद्देशीय भवन के साथ ही अन्य निर्माण कार्यों की जांच की जानी है। इन निर्माण कार्यों का जिम्मा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को दिया गया है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से डीएम यूएस नगर की ओर से नामित एडीएम स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में जांच कमेटी का गठन किया है, जबकि डीएम द्वारा ही नामित लोनिवि के तकनीकी विशेषज्ञ के अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव केआर भट्ट एवं सहायक उच्च शिक्षा निदेशक डॉ.एचएस नयाल को सदस्य बनाया गया है।
यह टीम खटीमा महाविद्यालय में हो रहे उक्त निर्माणों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता एवं निर्माण पूरा करने को लेकर तय की गई सीमा के अनुरूप निर्माण को परखेगी। वहीं, जांच के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करने के बाद अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेगी।
खटीमा महाविद्यालय में हुए निर्माण कार्यों की जांच के आदेश
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी किया गया आदेश
जांच के लिए चार सदस्यों की टीम का गठन
एक सप्ताह में शासन को भेजनी होगी रिपोर्ट