हल्द्वानी। नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान फड़-खोखे वालों ने इसका विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी पर अतिक्रमणकारियों की एक न चली।
नगर निगम की टीम बृहस्पतिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए ट्रांसपोर्टनगर चौराहे पर पहुंची। टीम ने चौराहे से पुलिस चौकी तक अतिक्रमण हटाना शुरू किया तो व्यापारियों ने इसका विरोध किया। इसलिए ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी से सहयोग मांगा गया। पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने सभी फड़, खोखे हटा दिए। सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र चौहान ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर के दोनों ओर का अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने वालोें पर पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जाएगा। इस दौरान सफाई निरीक्षक अमोल असवाल आदि मौजूद रहे। लोगों ने इस पहल का स्वागत कर वहां सौंदर्यीकरण, पौधरोपण की मांग की ताकि देवलचौड़ स्कूल की भांति वहां भी दोबारा अतिक्रमण रोका जा सके।
अतिक्रमण पर गरजी निगम की जेसीबी
विरोध के बीच ट्रांसपोर्टनगर चौराहे से अतिक्रमण हटाया