नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ, जिमखाना क्लब के सहयोग एवं अमर उजाला प्रयोजित 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई। नैनीताल में भारी बारिश के चलते फाइनल मुकाबला नहीं खेला जा सका। मारकंडेश्वर शाहबाद और जालंधर की टीम के कप्तानों की सहमति से दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया गया। मुख्य अतिथि एसएसपी सुनील कुमार मीणा, विशिष्ट अतिथि अर्जुन अवार्डी अशोक कुमार और पूर्व ओलंपियन राजेंद्र सिंह रावत ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
दरअसल, नैनीताल में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही थी। डीएसए मैदान में काफी पानी जमा होने के कारण खिताबी भिड़ंत नहीं हो सकी। शाहबाद और जालंधर की टीम के कप्तानों की सहमति के बाद संयुक्त विजेता घोषित करने का निर्णय लिया गया।
ट्रॉफी के लिए उछाला गया सिक्का
विजेता ट्रॉफी किसे दी जाए, इसका फैसला सिक्का उछाल कर किया गया। इसके बाद जालंघर की टीम को विजेता और शाहबाद की टीम को उप विजेता की ट्रॉफी प्रदान की गई। हालांकि, दोनों टीमों के संयुक्त विजेता घोषित होने के कारण दोनों टीमों को विजेता धनराशि समान रूप से प्रदान की गई।
जालंधर-शाहबाद की टीमें संयुक्त विजेता
अमर उजाला प्रायोजित 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता संपन्न
ट्रॉफी के लिए सिक्का उछालकर हुआ फैसला, जालंधर जीता
ये खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार स्टूडेंट क्लब रामपुर के प्रीतम को दिया गया। बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार सुल्तानपुर के कवि यादव, फुल बैक का पुरस्कार कोल्हापुर के विक्रम बधेल, बेस्ट हाफ बैक का पुरस्कार कोल्हापुर के विनोद, बेस्ट फॉरवर्ड का पुरस्कार सुल्तानपुर के आमिर और फेयर प्ले की ट्रॉफी स्टूडेंट क्लब रामपुर के नाम रही।
इनकी रही मौजूदगी
संचालन हेमंत बिष्ट ने किया। इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, डीएसए महासचिव संजय बिष्ट, कुमाऊं विवि के क्रीड़ाधिकारी डॉ. नागेंद्र प्रसाद शर्मा, प्रो. देवेंद्र बिष्ट डॉ. मनोज बिष्ट, कैलाश सिंह बिष्ट, मनोज साह, आरएस कनवाल, अहमद सिद्दीकी, चंद्र लाल साह, मोहित रावत, राजकुमार, महेश्वर नेगी, गोविन्द लटवाल, तकनीकी समिति में अमित शर्मा, राजेश चौधरी, नावेद जिया, फिरोज खान, बलविंदर सिंह, अर्जुन सिंह बिष्ट आदि थे।