नैनीताल। जिला क्रीड़ा संघ एवं जिमखाना क्लब के सहयोग और अमर उजाला प्रायोजित 97वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को तीन मैच खेले गए। करनाल की टीम का मैच सुल्तानपुर से बराबरी पर छूटा, लेकिन बेहतर प्वाइंट के आधार पर करनाल टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। जालंधर और शाहबाद की टीमें भी अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। शनिवार को करनाल और शाहबाद के बीच सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।
डीएसए मैदान में पहला मैच करनाल और सुल्तानपुर के बीच हुआ, जो दो-दो की बराबरी पर छूटा। करनाल की ओर से दोनों गोल सतनाम ने किए, जबकि सुल्तानपुर की ओर से दीपक एवं दानिश ने गोल दागे। दूसरा मैच जालंधर और झांसी के बीच हुआ, जिसे जालंधर ने 1-0 से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। विजयी टीम से निखिल बरला ने गोल किया। तीसरा मैच शाहबाद और रामपुर के बीच खेला गया, जिसमें शाहबाद की टीम ने 4-0 से मैच अपने नाम किया। विजयी टीम की ओर से दीपक ने दो, विनीत और मनप्रीत ने 1-1 गोल किया। इस जीत के साथ शाहबाद की टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच गई। प्रतियोगिता के आयोजक सचिव कैलाश सिंह बोरा ने बताया कि शनिवार को करनाल बनाम शाहबाद के बीच सेमीफाइनल होगा। प्रतियोगिता के रेफरी मोहित रावत, राजकुमार, महेश्वर नेगी, गोविंद लटवाल, तकनीकी समिति में अमित शर्मा, राजेश चौधरी, नावेद जिया, फिरोज खान, बलविंदर सिंह और उद्घोषक मनोज कुमार थे।
ट्रेड्स कप हॉकी में करनाल और शाहबाद ने जीता मुकाबला
दोनों टीमों के बीच सेमीफाइनल आज, जालंधर की टीम भी सेमीफाइनल में