हल्द्वानी। तीन दिन पूर्व आंधी तूफान से ठप गौलापार क्षेत्र की बिजली सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी है। बिजली गुल होने से क्षेत्र के नलकूपों का संचालन ठप है। इस कारण इलाके की पेयजलापूर्ति भी बाधित है। गौला में पानी की कमी के चलते क्षेत्र की नहरों में भी पानी नहीं है। लोगों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
बिजली सप्लाई ठप होने से गौलापार के किशनपुर रैक्वाल, सुंदरपुर, लछमपुर, खेड़ा, मदनपुर, तारानवाड़, जीतपुर, कुंवरपुर, सुंदरपुर रैक्वाल के नलकूपों से पानी नहीं मिल पा रहा है। किशनपुर रैक्वाल के प्रधान तारा सिंह बिष्ट ने बताया कि जलसंस्थान ने भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। गोपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, खीम सिंह, मोहन सिंह, लछम सिंह, मयंक पांडे आदि ने बताया कि बिजली, पानी के लिए कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन समस्या नहीं सुलझ सकी है। शहर के लालडांठ तिलकनगर, बिठौरिया, तल्ली हल्द्वानी, कठघरिया, पनियाली, फतेहपुर, पीपलपोखरा, मुखानी, दमुवाढूंगा, ऊंचापुल, भगवानपुर, छड़ायल, करायल चतुर सिंह में टेल एंड के गांवों में पेयजल सप्लाई बाधित है।
गौलापार में तीन दिन से पानी की आपूर्ति ठप
नहरों में भी पानी न चलने से क्षेत्रवासी परेशान
निजी टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर लोग
शहर के टेल एंड के इलाकों में भी पेयजल को तरसे उपभोक्ता
गौलापार में बिजली सप्लाई पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई है। दिनभर में आंखमिचौली चल रही है। विभागीय और किराए के दो टैंकरों से प्रभावितों को पेयजल बांटा जा रहा है। नलकूप न चलने से इलाके में पानी की दिक्कत हो रही है।
- नीरज तिवारी, सहायक अभियंता जलसंस्थान।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति की बहाली का दावा
हल्द्वानी। बृहस्पतिवार शाम अंधड़ के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त अधिकतर विद्युत लाइनों को शनिवार को ठीक कर गांवों में विद्युतापूर्ति सुचारु करने का विभागीय दावा है। बृहस्पतिवार शाम बारिश, आंधी के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक विद्युत पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं थीं। इससे शहरी, ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई थी। तल्ली हल्द्वानी, देवलचौड़, रामपुर रोड, बेलबाबा, फतेहपुर, लामाचौड़ समेत आसपास के कई गांवों में बृहस्पतिवार से बिजली गुल थी। ऊर्जा निगम के ईई अमित आनंद ने बताया कि घंटों की मशक्कत के बाद करीब आठ किमी से अधिक लंबी विद्युत लाइन में सुधार किया गया। इसके बाद तल्ली हल्द्वानी, रामपुर रोड, बेलबाबा, फतेहपुर, लामाचौड़ क्षेत्र में विद्युतापूर्ति सुचारु करा दी गई। बिजली चालू होने के बाद ग्रामीणों ने खासी राहत महसूस की। कई गांवों में लोवोल्टेज के कारण भी लोगों को परेशानी हो रही है।