हल्द्वानी। पर्यटन सीजन के चलते ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, ऐसे में लोग तत्काल में कंफर्म टिकट के लिए तड़के 3:30 बजे से आरक्षण केंद्र पर पहुंच रहे हैं। सामान्य टिकट के लिए भी लंबी लाइन लग रही है।
पर्यटन सीजन में बाघ एक्सप्रेस में शनिवार को वेटिंग लिस्ट 324 और शताब्दी एक्सप्रेस में 118 वेटिंग लिस्ट पहुंच गई है। इसी तरह संपर्क क्रांति, नैनी-दून जनशताब्दी, लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में वेटिंग है। इसके चलते लोग तत्काल में टिकट के लिए तड़के ही हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पहुंच रहे हैं। आरक्षण केंद्र खुलने से पहले ही लोग एक कागज में क्रमवार नाम अंकित कर देते हैं, जिसके आधार पर आरक्षण केंद्र में तत्काल टिकट (एसी का सुबह 10 और स्लीपर का 11 बजे) बनना शुरू होता है। इस जुगाड़ व्यवस्था को लेकर कई बार टिकट बनाने वालों के बीच कहासुनी तक हो जाती है। हालांकि टिकट खिड़की खुलने के कुछ देर बाद ही तत्काल टिकट में सीटें फुल हो जाती है और यात्रियों को निराश होना पड़ता है। बनभुलपूरा क्षेत्र के शहनवाज ने बताया कि जम्मू के लिए टिकट बनाना था, इसके लिए तड़के 3:30 पर पहुंच गया था, केंद्र बंद था यहां पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कागज में नाम नोट करवाया। ऊंचापुल निवासी धर्मेंद्र सिंह जीना ने भी टिकट बनवाने के लिए सुबह चार बजे कागज में नाम लिख दिया था। स्टेशन अधीक्षक डीसी जोशी के अनुसार इन दिनों तत्काल टिकट के लिए लोग सुबह जल्दी पहुंच जाते हैं। तत्काल टिकट ऑनलाइन भी बनते हैं। कई बार आरक्षण केंद्र में तीसरे-चौथे नंबर पर लगे व्यक्ति को भी तत्काल में कंफर्म टिकट नहीं मिल पाता है।
तत्काल टिकट के लिए तड़के पहुंच रहे आरक्षण केंद्र
पर्यटन सीजन में टिकट के लिए ट्रेन में भी मारामारी