हल्द्वानी। कूड़ा बीनने वाले बच्चों के भी जल्द दिन बहुर सकते हैं। ऐसे बच्चों के लिए डे केयर सेंटर (शेलटर होम) बनेगा और उन्हेें मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
महिला एवं बाल कल्याण की ओर से देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में डे केयर सेंटर खोलने की योजना है। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की पिछले माह हुई बैठक में निदेशक मेजर योगेंद्र यादव ने सभी जिला प्रोवेशन अधिकारियों को निर्देश दिए गए डे केयर सेंटर बनाने के लिए जमीन की तलाश शुरू करें। कूड़ा बीनने वाले बच्चों के लिए नैनीताल और देहरादून में एनजीओ काम कर रहे हैं। चार वर्ष से लेकर 15 वर्ष तक के बच्चों को डे केयर सेंटर में रखा जाएगा। इनके भोजन की व्यवस्था करने के साथ ही स्वास्थ्य की जांच भी की जाएगी। पता किया जाएगा कि कोई बच्चा कुपोषण का शिकार तो नहीं है। साथ ही निशुल्क शिक्षा देने के बाद इनका शिक्षक संस्थानों में दाखिला कराया जाएगा। जमीन की तलाश के लिए एक एनजीओ को जिम्मा सौंपा गया है। नैनीताल जिले में ऐसे बच्चों की संख्या लगभग 250 है।
कूड़ा बीनने वाले बच्चों को मिलेगी मुफ्त शिक्षा
शेलटर होम खोलने की तैयारी, एनजीओ को दिया जमीन खोजने का जिम्मा
04 से 15 वर्ष के बच्चे रखे जाएंगे
डे केयर सेंटर बनाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है। एनजीओ को जमीन खोजने का काम सौंपा गया है। जमीन मिलने के बाद प्रस्ताव बनाकर निदेशालय को भेजा जाएगा।
-अंजना गुप्ता, जिला प्रोवेशन अधिकारी, नैनीताल