हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक में साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना के बाद अब प्रदेश के सभी जिला सहकारी बैंकों में भी ये सेंटर स्थापित किए जाएंगे। जिला सहकारी बैंकों में सेंटर खोलने की कवायद शुरू की गई है। इसके माध्यम से बैंकों में होने वाले साइबर अपराधों में लगाम लगाने में मदद मिलेगी। जिला स्तर पर साइबर सिक्योरिटी सेंटर की स्थापना को लेकर मंगलवार को राज्य सहकारी बैंक स्थित साइबर सिक्योरिटी आपरेशन सेंटर में हुई बैठक में भी विचार विमर्श किया गया।
राज्य सहकारी बैंक के महाप्रबंधक आईटी एमपी सुगुनन ने बताया कि बैंकों में होने वाले साइबर अपराधों की रोकथाम, ऐसे अपराधों पर नियंत्रण पाने के लिए प्रभावी और प्राथमिक उपाय किए जाएंगे। राज्य सहकारी बैंक में खोला गया साइबर सिक्योरिटी आपरेशन सेंटर सहकारिता में प्रदेश का पहला सेंटर है। अब जिला स्तर पर भी बैंकों में साइबर सेंटर की स्थापना की जा रही है। सभी कोआपरेटिव बैंकों में अलग से आईटी सेल की स्थापना की जाएगी। इसके लिए कार्मिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
सभी सहकारी बैंकों में खुलेंगे साइबर सिक्योरिटी सेंटर
बैंकों में ऑनलाइन हो रही धोखाधड़ी समेत तमाम अपराधों की होगी रोकथाम
धोखाधड़ी की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करेगा साइबर सेल
हल्द्वानी। राज्य सहकारी बैंक के महाप्रबंधक (आईटी) एमपी सुगुनन ने बताया कि बैंकों के साइबर आपरेशन सेंटर के कर्मचारी बैंकों से अलावा एटीएम आदि से होने वाले लेनदेन पर पूरी नजर रखेंगे। कहीं से भी ग्राहकों के खातों में किसी तरह के पैसों की हेराफेरी होने की सूचना मिलते ही साइबर आपरेशन सेल के विशेषज्ञ तत्काल सक्रिय हो जाएंगे। कहां से और किस तरह से ग्राहकों के के लेनदेन में हेराफेरी हुई या ग्राहकों से ठगी की गई, इसकी जानकारी तत्काल मिल जाएगी। ग्राहकों को किसी तरह का नुकसान न हो इसको ध्यान में रखते हुए साइबर सिक्योरिटी सिस्टम से जुड़े विशेषज्ञ ऐसे अपराधों की मानीटरिंग कर उनकी धर पकड़ की कार्रवाई करेंगे। इस सेल का मकसद की बैंकों से ग्राहकों को पूर्ण सुरक्षा देना है।