नैनीताल। सांसद अजय भट्ट ने नैनीताल क्लब में जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने केंद्र की योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।।
सांसद भट्ट ने अधिकारियों से योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों की जानकारी देने और उनके माध्यम से शुभारंभ कराने को कहा। खराब सड़कों की जांच के निर्देश दिए।
रेल विभाग की समीक्षा में बताया गया कि काठगोदाम सहित पांच रेलवे स्टेशनों का 55 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। लालकुआं-सितारगंज रेल पटरी बिछाने के लिए 1546 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पूरी हो चुकी है, निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
गौलापुल के पास भूस्खलन रोकने का कार्य मानसून से पूर्व पूरा करने के निर्देश दिए। सूर्यानाला पुल निर्माण के लिए वन विभाग की आपत्तियां दूर कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया, 13 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना में 2556 आवास स्वीकृत हुए, 2529 आवंटित किए जा चुके हैं। दूसरे चरण में लगभग 11 हजार आवासों की स्वीकृति हेतु केंद्र को अनुमोदन भेजा गया है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे आदि मौजूद थे।
अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति
सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत भीमताल के देवीधुरा और जंगलियागांव में मूलभूत सुविधाएं प्रदान की गईं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण में 63 सड़कें स्वीकृत हैं, 17 की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार है। पशुपालन विभाग की 1962 सेवा का प्रचार-प्रसार करने को कहा गया जो बीमार पशुओं के लिए निशुल्क सेवा है। शिक्षा विभाग को जीर्ण-शीर्ण स्कूलों को ध्वस्त कर नए भवन निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।
जलजीवन मिशन और गैस आपूर्ति
जलजीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि केंद्र से धनराशि आवंटन के बाद कार्य में तेजी लाई जाए। सांसद ने लापरवाह ठेकेदारों को काली सूची में डालने और नए ठेकेदारों को कार्य देने को कहा। जनपद में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है बैकलॉग की समस्या एक सप्ताह में हल होगी।