रामनगर (नैनीताल)। बीएसएनएल उत्तराखंड में रामनगर से 4जी इंटरनेट सेवा की शुरुआत कर रहा है, जिसके जरूरी उपकरण रुद्रपुर पहुंच गए हैं। तीन इंजीनियरों की टीम तेजी से काम में जुटी है। इसी माह रामनगर में बीएसएनएल 4जी सेवा शुरू होने की उम्मीद है। 4जी सेवा शुरू करने के बाद उपभोक्ताओं को 3जी सिम बदलकर 4जी सिम लेना होगा। 4जी सिम लेने के बाद उपभोक्ता बेहतर डेटा स्पीड का लाभ ले सकेंगे।
बीएसएनएल के जेई केएस रावत ने बताया कि बीएसएनएल उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए प्रयासरत है। इसीलिए एसडीई अमित कुमार वर्मा, जेटीओ किशोर रावत, जेई राजेश रावत हल्द्वानी से आकर टेलीफोन एक्सचेंज की क्षमता बढ़ा रहे हैं। क्षेत्र के गैबुआ, छोई, पीरूमदारा, ढिकुली, कोटाबाग, कमोला, बैलपड़ाव, रामनगर, उम्मेदपुर टॉवरों को 4जी के तैयार कर लिया गया है। पिछले एक सप्ताह से काम चल रहा है। आने वाले दो सप्ताह में काम खत्म हो जाएगा। रामनगर में 4जी सेवा शुरू करने के लिए जरूरी उपकरण रुद्रपुर पहुंच चुके हैं, जो कि सोमवार तक रामनगर पहुंच जाएंगे। 4जी के लिए एक टॉवर से दूसरे टॉवर को जोड़ने की मीडिया टेस्टिंग की जा रही है। अब काम अंतिम दौर में है।
इसी माह मिलेगी बीएसएनएल की 4जी इंटरनेट सेवा
रुद्रपुर पहुंचे उपकरण, तेजी से चल रहा उच्चीकरण का काम