नैनीताल। भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए रास्ते से कृष्णापुर को जा रहा युवक बृहस्पतिवार को 300 मीटर गहरे बलियानाले में गिर गया। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने करीब तीन घंटे के बाद युवक को खाई से निकालकर बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल के बेहोश होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
12 दिसंबर के अंक में अमर उजाला ने जान हथेली पर रखकर आते हैं कृष्णापुर वाले र्शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रशासन को चेताया था कि कृष्णापुर का रास्ता जोखिम भरा है। इसके बाद भी लोगों की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। नतीजा बृहस्पतिवार को युवक खाई में गिर गया। समय रहते व्यवस्था की गई होती तो यह हादसा नहीं होता। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे 30 वर्षीय युवक बलियानाला के पास से होकर कृष्णापुर को जा रहा था। इसी बीच वह लगभग 300 मीटर गहरी खाईं (बलिया नाले) में गिर गया।
सूचना पर एसडीएम प्रमोद कुमार, सीओ सिटी विजय थापा, एसओ तल्लीताल राहुल राठी, पटवारी अमित साह, फायरमैन कैलाश चंद्र, मदन सिंह, जवाहर सिंह, मनोज भट्ट, धर्मेंद्र, नीरज कुमार, वंशनारायण यादव, विजय किशोर आदि मौके पर पहुंचे। जान की बाजी लगाकर पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी खाई में उतर गए। तीन घंटे की मशक्कत के बाद वह युवक को बलिया नाले से निकाल लाए। युवक के सिर में गंभीर चोटें हैं। बाद में घायल का बीडी पांडे अस्पताल में डॉ. अनिरुद्ध गंगोला, पीडी गुप्ता और बीके मिश्रा ने इलाज किया। देर शाम तक उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने बताया कि बलिया नाले में गिरे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। उसका बीडी पांडे जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब वह सुरक्षित है। बता दें कि बीते दिनों सफाई कर्मचारी नंदू की बलिया नाले में गिरकर मौत हो चुकी है।
300 मीटर गहरे बलिया नाले में गिरा युवक
बीडी अस्पताल घायल भर्ती, भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुआ था कृष्णापुर का रास्ता
बीते दिनों पालिका के सफाई कर्मचारी की नाले में गिरकर हो चुकी है मौत