नैनीताल। स्टाफ हाउस क्षेत्र में एक घर में शॉर्टसर्किट के चलते लगी आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया। तंग गली होने के चलते घटनास्थल तक दमकल वाहन नहीं पहुंच सके।
स्टाफ हाउस क्षेत्र निवासी राजवीर वाल्मीकि के घर में बुधवार शाम करीब 6:30 बजे शॉर्टसर्किट के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और उनके घर के अलावा किराये पर रह रहे नगर पालिका कर्मचारी कृष्णा कुमार और दिव्यांग अर्जुन का भी सारा सामान जल गया। सूचना पर मल्लीताल कोतवाली के एसएसआई बीसी मासीवाल टीम के साथ और फायर ब्रिगेड के जवान भी मौके पर पहुंचे। गली तंग होने के चलते दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। इसके बाद दमकल कर्मी खाली हाथ ही मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से करीब 45 मिनट में आग बुझाई लेकिन तब तक पूरा घर जल चुका था। पीड़ित के मुताबिक आग से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान होने की आशंका है। आग बुझाने वालों में सागर आर्या, आशू उपाध्याय, हिमांशु, नदीम, गौरव, मोहम्मद इब्राहिम, नरेंद्र आदि शामिल रहे। आग से घर पूरी तरह से जल गया साथ ही सारा सामान भी खाक हो गया।