रामनगर (नैनीताल)। कोसी व्यू रेस्टोरेंट को संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की संस्कृति की झलक दिखाई देगी। इस संग्रहालय को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। यह प्रस्ताव सोमवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पास हुआ।
नगर पालिका परिषद के नवनिर्वाचित चेयरमैन और सभासदों की पहली बोर्ड बैठक आयोजित हुई। इसमें कई मुद्दों पर चर्चाएं की र्गईं और प्रस्तावों को भी पारित किया गया। बालाजी मंदिर के सामने कोसी व्यू रेस्टोरेंट में पिछले कुछ समय से सांस्कृतिक संस्था भोर सोसाइटी का कार्यालय चल रहा था। वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा दत्त मठपाल पिछले कुछ समय से प्रयासरत थे कि उपरोक्त स्थान पर भोर सोसाइटी कार्यालय के साथ-साथ उत्तराखंड की संस्कृति को जनता तक पहुंचाने वाला कोई संस्थान खुल पाए। चेयरमैन मो. अकरम की ओर ने इस मुद्दों को प्रमुखता से बोर्ड बैठक में रखा गया, जो सर्वसम्मति से पारित हो गया। बैठक में यह फैसला लिया गया कि इस संग्रहालय में उत्तराखंड वाद्य यंत्रों के अलावा गढ़वाली व कुमाउंनी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। बोर्ड की पहली बैठक में क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के क्रम में एक्वागार्ड लगाने, विद्यालयों की मरम्मत कराने, अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को स्वेटर मुहैया कराने का भी प्रस्ताव पारित हुआ। बैठक में नगर पालिका के ईओ मनोज दास, स्वास्थ्य निरीक्षक राजकुमार भारती, मानचित्रकार भुवन पांडेय आदि शामिल रहे।
कोसी-व्यू रेस्टोरेंट में बनेगा संग्रहालय
उत्तराखंड की संस्कृति के वाद्य यंत्र रखे जाएंगे
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में पास हुआ प्रस्ताव