नैनीताल। पंडित गोविंद बल्लभ पंत चिड़ियाघर प्रशासन ने सर्दियों को देखते हुए पशु-पक्षियों की डाइट में बदलाव कर दिया है। अब भालू को शहद और फीजेंट को अंडों की दावत मिल रही है। बाघ और तेंदुए को भी पहले से ज्यादा मांस मिल रहा है। पशु-पक्षियों के भोजन में शहद, गुण और मिनिरल की मात्रा बढ़ाई गई है।
सर्दियों को देखते हुए चिड़ियाघर प्रशासन ने बीते सप्ताह पशु और पक्षियों की डाइट में बदलाव कर दिया है। सर्दियों में पशु पानी कम मात्रा में पीने लगते हैं, जो उनके लिए हानिकारक हो सकता है। पशु पानी ज्यादा पीए इसलिए उनके भोजन में मिनिरल साल्ट की मात्रा ज्यादा कर दी गई है। बाघ-बाघिन और तेंदुए के भोजन की मात्रा को बढ़ा दिया गया है। अब इन्हें पहले से ज्यादा मांस दिया जा रहा है। यह मांस बरेली और उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से मंगवाया जा रहा है। फीजेंट के भोजन (दाने) में अंडों को मिलाकर दिया जा रहा है ताकि उन्हें सर्दी ज्यादा न सताए। इस तरह अधिकांश पशु और पक्षियों के भोजन में कुछ न कुछ बदलाव कर दिया गया है। जू की रेंजर ममता चंद ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए यह बदलाव किया गया है, जो पूरी सर्दियों तक चलेगा। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होने के बाद डाइट फिर बदल दी जाएगी।