रामनगर (नैनीताल)। रविवार रात जबरन अनशन से उठाए गए डेल्टा कर्मी सोमवार को एक बार फिर से आमरण अनशन पर बैठ गए। इस दौरान डेल्टा कर्मियों की एसडीएम से वार्ता हुई। इसमें तय हुआ कि वह मंगलवार को हल्द्वानी में श्रम आयुक्त से वार्ता कराएंगे।
सोमवार सुबह एक बार फिर से डेल्टा कर्मी आमरण अनशन पर बैठ गए। आमरण अनशन पर बैठे डेल्टा कर्मियों को एसडीएम ने वार्ता के लिए बुलाया। एसडीएम ने अनशनकारियों को बताया कि वह मंगलवार को हल्द्वानी में श्रमायुक्त से उनकी वार्ता कराएंगे। तब तक रात में बैठे अनशनकारियों को उपचार के लिए अस्पताल में भेजें। वार्ता के बाद दीपक पाठक, रजनी, सीमा, सुनीता, चंपा को अनशन से उठा लिया गया। जोर जबरदस्ती में रजनी की हालत गंभीर हो गई, उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं अब आमरण अनशन पर सतीश, विमला, सुमन बिष्ट, बबीता, रीता बैठी हुई हैं। डेल्टा कर्मी मदन ने बताया कि वह तब तक अपना आंदोलन खत्म नहीं करेंगे, जब तक उनकी मांगें पूरी न हो जाएं। हल्द्वानी श्रमायुक्त से वार्ता करने के लिए एसडीएम के साथ मजदूरों का प्रतिनिधिमंडल जाएगा।