नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय का 15वां दीक्षांत समारोह 14 नवंबर को होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन समारोह की तैयारियों में जुट गया है। कार्यक्रम के संचालन के लिए 24 कमेटियों का गठन किया गया है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शामिल होने की संभावना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें न्योता भेजा है।
यदि राष्ट्रपति भवन से स्वीकृति मिलती है तो कुमाऊं विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद यह पहला मौका होगा जब कोई राष्ट्रपति दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम 2011 में हुए 11वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे, लेकिन तब वह राष्ट्रपति के पद पर नहीं थे।
विश्वविद्यालय की स्थापना के 45 साल में यह पहला मौका होगा जब एक साल में दो बार दीक्षांत समारोह हो रहा है। वर्ष 2018 में स्नातक और परास्नातक कर चुके विद्यार्थियों को इसी सत्र में डिग्रियां मिल जाएंगी। कुलपति प्रो. डीके नौड़ियाल की मानें तो राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को समारोह में शामिल होने को लेकर आमंत्रण भेजा गया है लेकिन अभी उनके शामिल होने का कनफर्मेशन नहीं मिला है।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक
नैनीताल। दीक्षांत समारोह डीएसबी परिसर नैनीताल में होना है। समारोह की तैयारियों को लेकर परिसर निदेशक प्रो.एलएम जोशी की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। बैठक में संचालन के गठित की गई 24 कमेटियों के संयोजकों और सह संयोजकों को जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान डीएसडब्ल्यू पीएस बिष्ट, अनीता आर्या, प्रो.नीता बोरा शर्मा, प्रो. एचसीएस बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीरजा टंडन, प्रो. दिव्या उपाध्याय आदि मौजूद रहे।