सितारगंज। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को एनएच-74 में अधिग्रहीत भूमि और उसके मुआवजा निर्धारण में कमियों की जांच की। टीम ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। एसडीएम निर्मला बिष्ट ने बताया कि शनिवार को नक्शा नजरिया एवं अन्य कागजातों से मिलान कर अधिग्रहीत जमीन की पैमाइश कराई जाएगी।
एसडीएम ने बताया कि सिसैया गांव के अजयानंद ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मुआवजा निर्धारण में कमियों और उनके हिस्से की जमीन अधिग्रहीत करने के बावजूद बार-बार अतिक्रमण के नाम पर भवन को तोड़ने की शिकायत की थी। हाईकोर्ट ने मामले में डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने एसएलओ और स्थानीय प्रशासन की टीम को जांच के आदेश दिए थे।
बताया कि बृहस्पतिवार को वह विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी उत्तम सिंह चौहान, राजस्व, एनएच और लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ गांव पहुंची और विवादित भूमि का मौका मुआयना किया। शनिवार को कागजात मंगाकर जमीन की पैमाइश के बाद रिपोर्ट डीएम को भेजेंगे। टीम में लोनिवि के ईई श्यामलाल आर्य, नायब तहसीलदार योगेश कुमार वर्मा, एनएच के साइट अभियंता निशांत त्रिपाठी, पटवारी शमशेर हुसैन, फूल सिंह आदि थे।