डेल्टा फैक्ट्री कर्मी कोतवाली पहुंचे
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर (नैनीताल)। डेल्टा फैक्ट्री हल्दुआ के सैकड़ों मजदूरों ने शुक्रवार को थाने का घेराव किया। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर फैक्ट्री खाली कर भागने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधकों को थाने में बुलाकर उनकी मजदूरों से वार्ता कराई।
डेल्टा फैक्ट्री के सैकड़ों मजदूर शुक्रवार सुबह थाने पहुंचे। वह डेल्टा फैक्ट्री प्रबंधन पर श्रमिक हितों की अनदेखी का आरोप लगा नारेबाजी करने लगे। एसएसआई कश्मीर सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर फैक्ट्री प्रबंधन को थाने में बुलाया। प्रबंधन के सामने मजदूरों ने कहा कि लेऑफ घोषित करने के बावजूद फैक्ट्री से रात के समय कच्चा माल निकाला जा रहा था। अब प्रबंधन मशीनों को निकालने की फिराक में है। विरोध करने पर मजदूरों को डराने के लिए वाउंसर/गुंडे भेजे जा रहे हैं। घंटों तक नोकझोंक के बाद पुलिस की मध्यस्थता में प्रबंधन, मजदूरों में समझौता हुआ कि कंपनी से केवल तैयार माल ही बाहर जाएगा। कच्चा माल, रिजेक्ट माल, मशीनें बाहर नहीं जाएंगी। मजदूर प्रतिनिधियों की चेकिंग के बाद तैयार माल सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक निकाला जाएगा। समझौते के बाद मजदूरों ने एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के मैदान में बैठक की। इसमें फैक्ट्री न चलने की स्थिति में आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान मनोज, मदन, सीमा, अजय, विजय, कमला, पंकज, रवि, पूजा, मंजू, रेखा, पुष्पा समेत ऊधमसिंह नगर आदि कई जिलों से आए श्रमिक नेता मौजूद रहे।
प्रबंधन पर लगाया फैक्ट्री खाली कर भागने का आरोप
पुलिस ने थाने में प्रबंधन व श्रमिको में कराई वार्ता