नैनीताल। डिजिटल बैंकिंग प्लेटफार्म में भारतीय डाक विभाग बड़ा कदम उठाते हुए पोस्ट पेमेंट बैंक योजना की शुरुआत करने जा रहा है। शनिवार को नैनीताल प्रधान डाकघर स्थित पोस्ट पेमेंट बैंक शाखा का उद्घाटन सांसद भगत सिंह कोश्यारी और नैनीताल विधायक संजीव आर्य करेंगे। पेमेंट बैंक के प्रचार को लेकर बृहस्पतिवार को डाक विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने नैनीताल में रैली निकालकर लोगों को बैंक से जुड़ी जानकारियां दीं।
डाक विभाग नैनीताल के प्रवर अधीक्षक रणवीर सिंह तोमर ने बताया कि जिले में पोस्ट पेमेंट बैंक की अन्य शाखाओं के साथ ही तल्लीताल, खुर्पाताल, नलनी और मनोरापीक में भी शाखाएं खोली जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पोस्ट पेमेंट बैंक शुरु होने से ग्राहक बचत व चालू खाते के साथ ही बिलों के भुगतान और अन्य व्यापारिक भुगतान भी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इसमें काउंटर सेवाओं के साथ ही मोबाइल बैंकिंग भी उपलब्ध कराई जाएगी। नैनीताल जिले के अन्य सभी 159 डाकघरों को जल्द ही पोस्ट पेमेंट बैंक के साथ जोड़ दिया जाएगा। अभी तक 300 से अधिक लोगों ने इसमें खाते खोल लिए हैं। बैंक में शून्य बैलेंस से खाता खोला जा सकता है और खाता खोलने के लिए आधार कार्ड नंबर व मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।