हल्द्वानी/रामनगर (नैनीताल)। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। ट्रेनों की गति में भी बढ़ोतरी की गई है।
लालकुआं-बरेली सिटी सवारी गाड़ी (55336) लालकुआं से रात 8:30 पर चलती थी, अब वह शाम 5:25 पर चलेगी। बरेली सिटी पर यह देर शाम 7:25 पर पहुंचेगी। लालकुआं से लालकुआं-बरेली सिटी को चलने वाली स्पेशल एक्सप्रेस (05310) ट्रेन शाम 5:30 की जगह रात 8:40 पर प्रस्थान करेगी। बरेली सिटी में यह ट्रेन रात 10:50 पर पहुंचेगी। अब लालकुआं स्टेशन पर गाड़ी संख्या-05310 देहरादून-काठगोदाम, अमृतसर लालकुआं, लालकुआं-आनंदविहार इंटरसिटी 15060 का कनेक्शन लेकर चलेगी। इससे अमृतसर, दिल्ली, काठगोदाम की तरफ से आने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। रेलवे ने लालकुआं, काठगोदाम से चलने वाली बाघ समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों की गति में भी बढ़ोतरी की है। पूर्वोत्तर रेलवे से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह संशोधन 15 अगस्त से लागू होगा। वहीं रामनगर से मुरादाबाद के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का समय बदला गया है। पैसेंजर ट्रेन संख्या 55307 मुरादाबाद से 10:25 के बजाय 10 बजे प्रस्थान करेंगी। रामनगर 12:10 मिनट पर पहुंचेगी। पैसेंजर ट्रेन संख्या 55306 सुबह 7:20 के बजाय सात बजे प्रस्थान करेगी, जो मुरादाबाद 9:30 पर पहुंचेगी। यह व्यवस्था 15 अगस्त से लागू होगी। रामनगर रेलवे स्टेशन प्रभारी मदन पाल ने बताया कि अभी ट्रेनों के समय परिवर्तन की कोई लिखित सूचना नहीं मिली है।
रेल मंत्री करेंगे जनशताब्दी एक्सप्रेस का उद्घाटन
हल्द्वानी। काठगोदाम-देहरादून के मध्य प्रस्तावित जनशताब्दी एक्सप्रेस का उद्घाटन रेल मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। बताते हैं कि रेल मंत्री की व्यस्तता और उनका समय न मिल पाने के कारण ही ट्रेन संचालन का मामला फिलहाल अटका है। काठगोदाम से सुबह छह बजे के आसपास ट्रेन देहरादून के लिए चलेगी। ऐसे में ट्रेन के विधिवत संचालन से एक दिन पहले रेल मंत्री के माध्यम से उद्घाटन की भी संभावना है। राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी के अनुसार ट्रेन संचालन से लेकर उद्घाटन कार्यक्रम को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। जल्द ही ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। किसी तरह की दिक्कत नहीं है।