गरुड़ (बागेश्वर)। सुदूरवर्ती प्राथमिक विद्यालय नरसिंह चौरा के प्रधानाध्यापक को विभाग द्वारा प्राथमिक पाठशाला लोहारचौरा में समायोजित करने से अभिभावकों और बच्चों में आक्रोश है। उन्होंने शिक्षक की तैनाती शीघ्र मूल विद्यालय में न होने पर स्कूल में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय नरसिंह चौरा में वर्तमान में 18 बच्चे अध्ययनरत हैं। शिक्षा विभाग ने स्कूल में तैनात शिक्षक दीप तिवारी को 2016 में प्राथमिक दर्शानी में संबद्ध किया। हाल ही में शिक्षक को प्राथमिक लोहरचौरा में समयोजित कर दिया है। स्कूल में तैनात एकमात्र शिक्षिका शशि मर्तोलिया का स्वास्थ्य अक्सर खराब रहने और विभागीय काम व्यस्त रहने से वह बच्चों को समय नहीं दे पा रही है। ग्राम पंचायत मैगड़ीस्टेट के प्रधान खीम राम, रौल्याना के प्रधान मदन गिरी और स्कूल में अध्ययनरत बच्चों और अभिभावकों ने डीएम को सौंपे पत्र में कहा है कि प्राथमिक लोहारचौरा में तैनात शिक्षक का वेतन 2016 से प्राथमिक नरसिंह चौरा से आहरित हो रहा है। अभिभावकों ने डीएम और बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिक्षक को या तो प्राथमिक नरसिंह चौरा वापस भेजने या फिर स्कूल में एक और शिक्षक की तैनाती करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि अभिभावकों की मांग को विभाग द्वारा गंभीरता से समय पर नहीं लिया तो अभिभावक स्कूल में तालाबंदी करने को मजबूर होंगे।