लालकुआं (नैनीताल)। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा ने रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण में देरी होने पर नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को एजीएम एसएल वर्मा बाघ एक्सप्रेस से जंक्शन पर पहुंचे। वह प्लेटफार्म नंबर एक में निर्माणाधीन स्टेशन अधीक्षक कार्यालय को देखने पहुंचे, तो वहां ताला लगा था। इस दौरान काफी तलाशने के बाद जब ताले की चाबी नहीं मिली तो एजीएम साहब नाराज हो गए। इस दौरान अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद उन्होंने रनिंग रूम, गार्ड रूम, टीटी रूम, प्रतीक्षालय, वाशिंग पिट और स्टेशन परिसर में बने शौचालयों का निरीक्षण किया।
स्टेशन विस्तारीकरण के निर्माण कार्य में तेजी लाने और कर्मचारी आवासों की हालत दुरुस्त करने को भी कहा। इसके बाद वह कार से मुरादाबाद को रवाना हो गए।
इस मौके पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर अरुण कुमार, वरिष्ठ मंडल दूरसंचार इंजीनियर रितेश कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार, यातायात निरीक्षक मोहनराम, स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार आदि मौजूद थे।