लालकुआं (नैनीताल)। राजकीय इंटर कॉलेज में गणित के अध्यापक पर छात्र की पिटाई का आरोप लगाकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में हंगामा कर दिया। आधे घंटे तक वहां अफरातफरी का माहौल रहा। प्रधानाचार्य ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि सोमवार को नौवीं वीं क्लास में गणित के अध्यापक भुवनेश गुप्ता ने पीछे की पंक्ति में बैठे एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। उसे बेवजह पीटा गया। कार्यकर्ताओं के हंगामे के बाद पुलिस बुला ली गई। प्रधानाचार्य मोहम्मद जाहिद और कांस्टेबल ने कार्यकर्ताओं का समझाने का प्रयास किया लेकिन वे शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई पर अड़े रहे। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। हंगामा करने वालों में इमरान खान, अमजद खान, नब्बू खान, कमल दानू, शिवराज सिंह बिष्ट, हरीश सुयाल, विनोद चौहान, गौरव कोरंगा, शेर अली सलमानी आदि मौजूद थे।
मैं जब कक्षा में पढ़ा रहा था तब पीछे की पंक्ति में बैठा छात्र साथियों के साथ शैतानी कर रहा था। कई बार उसे पढ़ाई में ध्यान देने की हिदायत दी गई। जब वह नहीं माना तो मैंने थप्पड़ मार दिया।
भुवनेश गुप्ता, अध्यापक